गढ़वा में हेमंत सोरेन पर बरसे राजनाथ सिंह, झामुमो-कांग्रेस-राजद को बताया स्पीड ब्रेकर

Politics

गढ़वा में हेमंत सोरेन पर बरसे राजनाथ सिंह, झामुमो-कांग्रेस-राजद को बताया स्पीड ब्रेकर

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

गढ़वा-केंद्रीय रक्षा मंत्री सह बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने शनिवार को गढ़वा जिले के नगरउंटारी से बीजेपी की परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी का झंडा दिखाकर परिवर्तन यात्रा को रवाना किया. इस अवसर पर नगरउंटारी के गोसाईबाग के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जेल जाने के बाद भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सीना तानकर खड़े हैं. राजनीति लोक-लाज और मर्यादा के बिना नहीं चल सकती. भारतीय परंपरा भी यही कहती है.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि झारखंड में झामुमो, राजद और कांग्रेस रूपी तीन स्पीड ब्रेकर हैं. इसे तोड़ने की जरूरत है. वे वोट सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए मांगने आए हैं. प्रदेश के विकास के लिए परिवर्तन जरूरी है. इसके लिए राज्य में डबल इंजन की सरकार बनाएं. झारखंड में भाजपा की सरकार बनती है, तो विकास नहीं बल्कि रिकॉर्डतोड़ विकास होगा.

राजनाथ सिंह ने इस दौरान बांग्लादेशी घुसपैठिए और परिवारवाद पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि आज झारखंड में बंग्लादेशी घुसपैठिए और रोहिंग्या प्रवेश कर रहे हैं. यहां की बेटियों से शादी कर डेमोग्राफी बदलने की कोशिश कर रहे हैं. इस पर यहां के सीएम आंखमूंद कर बैठे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बना दीजिए, फिर देखते हैं कि कैसे यहां की बेटियां से वे शादी करते हैं.


परिवर्तन यात्रा को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब झारखंड में अन्याय की अति हो चुकी है. इस परिवर्तन यात्रा में आज आप इस अन्यायी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें. विदेशी घुसपैठिए झारखंड में घुसपैठ कर बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ कर रहे हैं. ऐसी बेईमान एवं निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करें.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार द्वारा इंटरनेट सेवा बंद किए जाने पर कड़ा एतराज जताया. उन्होंने कहा कि आज इंटरनेट सेवा से ही सब कुछ चलायमान है. उसके बावजूद राज्य सरकार ने परिवर्तन यात्रा के प्रचार-प्रसार को बाधित करने के उद्देश्य से इंटरनेट सेवा बंद की है. उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितने प्रयास एवं षडयंत्र कर ले, परिवर्तन होकर रहेगा. इस अवसर पर सांसद वीडी राम और भवनाथपुर विधायक भानुप्रताप शाही ने भी विचार व्यक्त किए.

follow us - https://www.facebook.com/newsmediakiran

subscribe us - https://youtu.be/4ruQTOywTvI

Related Post