जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा साहू 24 अक्टूबर को करेंगी नामांकन दाखिल

Politics

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा साहू आगामी 24 अक्टूबर को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इस अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के विभिन्न मंडलों से हजारों भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित होंगे और एक भव्य जुलूस के रूप में उपायुक्त कार्यालय पहुंचेंगे। नामांकन से पहले पूर्णिमा साहू भालूबासा स्थित शीतला माता मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना करेंगी और उसके बाद नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

नामांकन सभा और जुलूस की सफलता सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में नामांकन के लिए रणनीति बनाई गई और चुनावी अभियान को लेकर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सुधांशु ओझा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, "यह नामांकन सिर्फ एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के भविष्य का संकल्प है। हम सभी को मिलकर इसे ऐतिहासिक बनाना होगा। भाजपा कार्यकर्ता 24 अक्टूबर को बड़ी संख्या में शामिल होकर नामांकन सभा को भव्य रूप देंगे।"

उन्होंने आगे कहा, "यह चुनाव सिर्फ भाजपा का नहीं है, बल्कि जमशेदपुर की जनता के अधिकारों और विकास के लिए है। हम झारखंड में फिर से भाजपा सरकार बनाएंगे और विकास की गति को पुनः तेज करेंगे।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं के बारे में जनता को अवगत कराएं।

भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा साहू ने कहा, "जमशेदपुर औद्योगिक और शैक्षिक केंद्र के रूप में जाना जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विकास की गति ठप हो गई है। बुनियादी सुविधाओं की कमी और बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था से जनता परेशान है। भाजपा सरकार में जमशेदपुर पूर्वी का समग्र विकास होगा और जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।"

उन्होंने मौजूदा झामुमो-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में विकास के नाम पर केवल वादे किए गए, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जमशेदपुर का हर नागरिक विकास से लाभान्वित हुआ था और अब समय आ गया है कि झूठी राजनीति को समाप्त कर फिर से विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, चंद्रशेखर मिश्रा, भरत सिंह, राजन सिंह, खेमलाल चौधरी, शैलेन्द्र राय सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

follow us - https://www.facebook.com/newsmediakiran

subscribe us - https://youtu.be/4ruQTOywTvI

Related Post