एस० आर० रुंगटा बी-डिविजन लीग, 30.1.0.2024-25

Sports

डेविड सागर मुंडा की शानदार शतकीय पारी, शाह स्पोर्ट्स ने टॉउन क्लब को हराया

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

चाईबासा: उद्घाटक बल्लेबाज  डेविड सागर मुंडा के शानदार शतकीय पारी की बदौलत शाह स्पोर्ट्स अकादमी चक्रधरपुर ने टॉउन क्लब चाईबासा को एकतरफा मुकाबले में 197 रनों से पराजित न सिर्फ पूरे चार अंक हासिल किए बल्कि क्वार्टर फाईनल में भी अपना स्थान पक्का कर लिया है। शाह स्पोर्ट्स अकादमी की यह लगातार दूसरी जीत है। आज की जीत के साथ ही इसके आठ अंक हो गए हैं और अंक तालिका में ग्रुप-ए में यह पहले स्थान पर पहूँच गया है। 
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस टॉउन क्लब के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। उनका यह निर्णय गलत साबित हुआ जब शाह स्पोर्ट्स के बल्लेबाजों ने निर्धारित तीस ओवर में पाँच विकेट के नुकसान पर 276 रन ठोक डाले। हलांकि शाह स्पोर्ट्स के दो विकेट 73 रन के स्कोर पर ही गिर गए थे परंतु तीसरे विकेट के लिए पारी की शुरुआत करने आए डेविड सागर मुंडा एवं जीशान अहमद ने 172 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुँचा दिया। डेविड आज कुछ ज्यादा ही आक्रमक अंदाज में दिखा।उसने मात्र 80 गेंदों पर पंद्रह चौके तथा बारह छक्के की मदद से 162 रनों की धुआँधार पारी खेली। जिशान अहमद ने भी एक चौका एवं एक छक्का की सहायता से 41 रन बनाकर डेविड का अच्छा साथ दिया। अन्य बल्लेबाजों में अथर अब्दुल्ला ने 13 तथा सर्बोजीत डे ने 11 रनों का योगदान दिया। शाह स्पोर्ट्स अकादमी के पहाड़ सा स्कोर खड़ा करने में टॉउन क्लब के  खिलाड़ियों का घटिया क्षेत्ररक्षण का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस टीम के खिलाड़ियों ने लगभग आधा दर्जन आसान कैच छोड़े। 
जीत के लिए निर्धारित.लक्ष्य का पीछा करने उतरी टॉउन क्लब की पूरी टीम 14.5 ओवर में मात्र 79 रन बनाकर आल आउट हो गई। मजेदार बात ये कि एक समय टॉउन क्लब चाईबासा का स्कोर 65 रन था और उसके मात्र तीन विकेट गिरे थे परन्तु अगले 14 रन जोड़ने में उन्होने अपने सात विकेट गंवा दिए। सिद्धार्थ अग्रवाल ने पाँच चौकों की मदद से 33 रन तथा प्रभात बोयपाई ने 15 एवं कृपा सिंधु चंदन ने 10 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। खास बात ये कि टॉउन क्लब के चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। 
शाह स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से महेश सुलेंद्र दास ने 10 रन देकर चार विकेट तथा नितेश पासवान ने मात्र 2 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। कप्तान डेविड सागर मुंडा एवं शमशाद हसन को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ।

Follow us - https://www.facebook.com/newsmediakiran

Subscribe us - https://youtu.be/4ruQTOywTvI

Related Post